रामपुर। प्रदेश में विधानसभा चुनावों को लेकर आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद निशुल्क राशन वितरण प्रभावित हो गया है। ऐसा राशन के बैग, रिफाइंड, नमक और चने के पैकेट पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के फोटो होने के कारण हुआ है। जिले में इस प्रकार के राशन का कुल राशन के सापेक्ष करीब 35 फीसदी स्टॉक है। जिसे अब विस्तृत दिशा निर्देश मिलने के बाद वितरित किया जाएगा।
शनिवार को चुनाव आयोग ने प्रदेश में विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम का एलान करते हुए आदर्श आचार संहिता लागू कर दी। इस बीच जिले में राशन कार्ड धारकों को राशन वितरण भी किया जा रहा था जो कि आचार संहिता लागू होने के बाद राशन के बैग से लेकर रिफाइंड, नमक और चने के पैकेट पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के फोटो होने के कारण बाधित हो गया है।
जिले में करीब 4.15 लाख राशन कार्ड धारक हैं। प्रत्येक राशन कार्ड धारक को एक-एक रिफाइंड, नमक और चने के पैकेट के साथ ही प्रति यूनिट तीन किलो गेहूं और दो किलो चावल का वितरण किया जाता है। लेकिन, जिले में राशन वितरण के लिए आए स्टॉक में करीब 35 फीसदी स्टॉक पर राशन के बैग, रिफाइंड, नमक और चने के पैकेट पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का फोटो होने के कारण अब इसका वितरण नहीं होगा। जिला पूर्ति अधिकारी अभिषेक कुरील ने बताया कि करीब 35 फीसदी राशन के स्टॉक के वितरण पर रोक लगा दी गई है। इस राशन का वितरण किस प्रकार किया जाना है, इस संबंध में अभी विस्तृत दिशा निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं। निर्देशानुसार वितरण किया जाएगा।