रामपुर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 के अंतर्गत निर्वाचन प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए तैनात किए जा रहे अधिकारियों और कर्मचारियों में निर्धारित अवधि पूर्ण होने पर अनिवार्य रूप से वैक्सीनेशन की बूस्टर डोज दिलाने के संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 के अंतर्गत मतदान और मतगणना सहित समस्त प्रक्रियाओं को शांतिपूर्ण, सकुशल और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए इसमें तैनात किए गए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की वर्तमान कोविड-19 के संक्रमण के कारण उत्पन्न तीसरी लहर से सुरक्षा भी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज और बाल विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने विभागीय कर्मचारियों को निर्धारित अवधि पूर्ण होने की दशा में यथाशीघ्र बूस्टर डोज प्राप्त करने के लिए निर्देशित कर दें। स्वास्थ्य सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न करने के बारे में भी जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी गजल भारद्वाज, अपर जिलाधिकारी प्रशासन लालता प्रसाद शाक्य सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।