ब्लाक संसाधन केंद्र (बीआरसी) के गोदाम से सरकारी स्कूल की किताबें चोरी कर ठेले पर लाद कर ले जाते ग्रामीणों ने एक युवक को शक होने पर रोक लिया। पूछताछ करने पर युवक ठेले को छोड़कर भाग गया। जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस सहित बीआरसी पर तैनात सह समन्वयक और बीआरपी पहुंच गए। पुलिस को तहरीर दी गई है।
\
दढ़ियाल के उच्च प्राथमिक स्कूल परिसर स्थित बीआरसी के अतिरिक्त कक्ष में सरकारी प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूल की किताबों का गोदाम है। बुधवार की सुबह करीब 8 बजे गोदाम से किताबें निकालकर रिक्शा ठेले पर लादकर एक युवक को ले जाते हुए ग्रामीणों ने देखा। शक हुआ तो उन्होंने ठेला स्वामी को रोक लिया।
विज्ञापन
पूछताछ करने पर युवक ठेला छोड़कर भाग निकला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। कुछ देर बाद पुलिस सहित एबीआरसी प्रेम सिंह चौहान व अन्य बीआरपी मौके पर पहुँच गए। गोदाम खोलकर देखा तो वहां से काफी किताबें गायब थीं। जबकि गोदाम का ताला भी ख़राब पाया गया। मौके पर ग्रामीणों ने बताया कि पिछले चार दिनों से ठेले पर किताबें लादकर ले जाई जा रही हैं।
ब्लॉक सह समन्वयक प्रेम सिंह की ओर से पुलिस में तहरीर दी गयी है। चौकी इंचार्ज मुमताज खान ने बताया कि गोदाम से किताबें चोरी कराने बाले की पहचान कर ली गयी है। मामला जल्द ही खोल दिया जाएगा।