जनता के पैसों को डकारने का आरोप लगाते हुए बुधवार को भाकियू ने कलक्ट्रेट गेट पर प्रदर्शन किया। जुलूस निकाला। नगर मजिस्ट्रेट को मांग पत्र सौंपा जिसमें चिटफंड कंपनियों की हकीकत की जांच में तेजी सहित इन कंपनियों में जमा किसानों का रुपया वापस दिलाने की मांग की गई है।
भाकियू के मंडल उपाध्यक्ष हसीब अहमद के नेतृत्व में जुलूस की शक्ल में कंपनियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन किया। किसानों ने नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। डीएम को संबोधित ज्ञापन में भाकियू ने कहा कि चिटफंड कंपनियों के खिलाफ जांच में देरी हो रही है। आरोप लगाया कि सहकारिता विभाग के कर्मचारी कंपनियों को नोटिस रिसीव नहीं करा रहा है। जांच में अन्य चिटफंड कंपनियों को भी शामिल करने की मांग उठाई।
नगर मजिस्ट्रेट के आश्वासन पर भाकियू ने धरना समाप्त कर दिया। चेतावनी दी कि शीघ्र जांच कर कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो कलक्ट्रेट में बेमियादी धरना शुरू किया जाएगा। धरना देने वालों में वीरेंद्र यादव, होरीलाल, मोहम्मद उस्मान, नरपत सिंह, डालचंद, हाजी बब्बू, मोहम्मद नूर, चौधरी अजीत सिंह, डा. जमील, जय सिंह, राजेंद्र सिंह यादव, जय सिंह, शंकर लाल, मुरारी, तारिक भी शामिल थे।