भाजपा में चल रही आपसी कलह मंगलवार को सड़कों पर आ गई। भाजपा के प्रचार रथ के रामपुर पहुंचने पर स्वागत समारोह में भाजपाई आपस में ही भिड़ गए। इससे अफरातफरी मच गई। हंगामे की वजह फोटो खिंचवाने को लेकर आगे आने की होड़ क बताया जा रहा है।
भाजपा में पिछले काफी समय से कलह चली आ रही है। आपस में चल रही लड़ाई मंगलवार को सड़कों पर दिखी। दरअसल भाजपा का प्रचार रथ मंगलवार को रामपुर पहुंचा था। यह प्रचार रथ रामपुर में पांच दिन रहेगा और यहां घूमकर प्रचार प्रसार करेगा। इस रथ के यहां पहुंचने पर अंबेडकर पार्क में स्वागत किया गया। इसके लिए भाजपा के तमाम पदाधिकारी पहुंचे थे।
यहां पर रथयात्रा के स्वागत के लिए फोटो खींचे जा रहे थे। इस बीच अपना चेहरा कैमरा सामने आने को लेकर आपस में भिड़ गए। भाजपा के दो बड़े पदाधिकारियों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। दोनों पदाधिकारियों के बीच धक्कामुक्की हुई। हंगामा होते देख कुछ भाजपाइयों ने किसी तरह मामले को शांत किया। इससे काफी देर तक अफरातफरी मची रही। हालांकि इस मुद्दे पर भाजपा के नेता चुप्पी साधे रहे। भाजपाइयों का कहना था कि मामूूली बात पर सिर्फ बहस हुई थी कोई हंगामा नहीं हुआ था।