दढ़ियाल (रामपुर)। शुक्रवार की रात टांडा-बाजपुर मार्ग पर एक तेज रफ्तार बाइक शीरे के टैंकर से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक शीरे के टैंकर के नीचे फंस गई और उसमें आग लग गई, जिससे टैंकर ने भी आग पकड़ ली। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
क्षेत्र के ग्राम धीमरखेड़ा निवासी युवक अजय उर्फ सोनू (25) पुत्र नन्हे सिंह बाजपुर क्षेत्र में एक स्टोन क्रशर पर जेसीबी चलाता है। शुक्रवार रात करीब दस बजे घर लौटते समय दढ़ियाल में बाजपुर मार्ग पर कोसी नदी के पुल के पास उसकी बाइक सामने से आ रहे शीरे भरे टैंकर से टकरा गई। बताया जाता है कि टक्कर के बाद युवक बाइक से उछलकर दूर जा गिरा जबकि बाइक टैंकर के नीचे दब गई। इस दौरान बाइक की पेट्रोल की टंकी फटने से बाइक में आग लग गई। बाइक में लगी आग ने देखते ही देखते टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया और दोनों वाहन बीच सड़क पर ूधूू-धू कर जलने लगे। सूचना पर चौकी इंचार्ज श्रीपाल सिंह सहित स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल युवक को सीएचसी पहुंचाया लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। वहीं वाहनों में लगी आग को पुलिस और राहगीरों ने रेत और मिट्टी डालकर बुझाने का प्रयास किया लेकिन असफल रहे। बाद में फायर बिग्रेड ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। वहीं टैंकर चालक घटना के बाद फरार हो गया। टैंकर कहां से कहां जा रहा था पुलिस इसका पता नहीं लगा सकी है।