सैदनगर। शादी समारोह से लौट रहे तीन दोस्तों की बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पीछे बैठा युवक उछलकर पेड़ से टकरा गया, जबकि अन्य दोनों दोस्त गिरी बाइक के साथ काफी दूर तक फिसल गए। इस हादसे में पीछे बैठे युवक कमल (23) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा खौद चौराहे के पास बुधवार रात करीब 12 बजे हुआ। बाइक सवार तीनों युवक हेलमेट पहने हुए नहीं थे। घटना की सूचना मिलते ही परिवार वाले मौके पर पहुंच गए।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने कमल को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद, दूसरे युवक सतीश को प्रारंभिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि तीसरे युवक राजू को गंभीर हालत में मुरादाबाद रेफर कर दिया गया।
केमरी थाना क्षेत्र के चकिया हयात नगर निवासी इंद्रजीत ने बताया कि उनका मृतक बेटा कमल सिंह 23 साल का था। वह बुधवार शाम को अपने दोस्तों सतीश और राजू के साथ बाइक से खौद का मझरा शादी समारोह में गया था। तीनों युवक समारोह से लाैट रहे थे। खौद चौराहे के पास बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे बाइक पेड़ से टकरा गई। हादसे के समय बाइक की रफ्तार तेज थी, जिसके कारण बाइक काफी दूर तक घिसट गई और सवारों को गंभीर चोटें आईं।
कमल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सतीश और राजू घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोग और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने कमल को मृत घोषित कर दिया, जबकि सतीश का इलाज मुरादाबाद के निजी अस्पताल में चल रहा है और राजू को हालत में सुधार के बाद घर भेज दिया गया है।
एक ही बाइक पर सवार थे तीन लोग, हेलमेट नहीं लगाए थे
पुलिसकर्मियों के अनुसार, बाइक सतीश चला रहा था, जबकि बीच में राजू और उसके पीछे कमल सवार था। हादसे के दौरान कमल बाइक से उछलकर पेड़ से टकरा गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार थे, लेकिन किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस का कहना है कि यदि तीनों लोग हेलमेट पहने होते, तो कमल की जान बच सकती थी और सतीश को भी गंभीर चोट नहीं लगती।
तीन भाइयों में सबसे छोटा था कमल
मृतक कमल सिंह के पिता इंद्रजीत ने बताया कि उनके तीन बेटों में कमल सबसे छोटा था। वह अविवाहित था।