रामपुर। नशीली दवाओं के कारोबार का भंडाफोड़ होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उनके बैंक खातों को सीज कर दिया गया है, जबकि फरार दो आरोपियों के खातों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
औषधि निरीक्षक मुकेश कुमार ने शहर कोतवाली पुलिस के साथ 12 अप्रैल को चेकिंग के दौरान आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज रोड के पास तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से नशीली दवाओं का बड़ा जखीरा बरामद हुआ था।
पुलिस ने मुरादाबाद के नागरफनी थाना क्षेत्र के नवाबपुरा स्थित गुड़िया का बाग निवासी अक्षय, मूंढापांडे थाना क्षेत्र के चमरौवा गांव निवासी जीशान और अजीमनगर के इमरता गांव निवासी जब्बार को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपियों ने अपने फरार साथियों के नाम नाजिम निवासी नसीम गंज थाना टांडा और सरफराज उर्फ चिमपैजी निवासी कोहीनूर तिराहा थाना कटघर, जनपद मुरादाबाद बताए थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 33 पेटियों में 226 शीशी वेस्कोडेस्क, 2992 शीशी कोडेकटस टीआर, 144 शीशी वेरीकोफ सिरप और 35 डिब्बों में 8400 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए थे। इसके अलावा 21,500 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, एक बाइक, एक स्कूटी और एक कार भी जब्त की गई थी।
पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया, लेकिन एक सप्ताह बाद भी सफलता नहीं मिल सकी है। शहर कोतवाल प्रदीप मलिक के अनुसार मामले की जांच जारी है और कई स्थानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के बैंक खाते सीज कर दिए गए हैं और फरार आरोपियों के खातों की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।