रामपुर। बकरीद के त्योहार पर रामपुर में लोगों से ईद मिलने के बाद सपा नेता एवं पूर्व मंत्री आजम खां संभल जाकर अपने मीडिया प्रभारी फसाहत अली खां शानू से मिले और ईद की मुबारकबाद दी। गौरतलब है कि फसाहत अली खां शानू को 12 मई को छह माह के लिए जिला बदर कर दिया गया था।
आजम खां के मीडिया प्रभारी फसाहत अली खां शानू के खिलाफ वर्ष 2019 में मुकदमे दर्ज किए गए थे। जिसके बाद उन्हें जेल भी जाना पड़ा था, इस दौरान उनके पिता का भी देहांत हो गया था। जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद जब बाहर आए तो लोकसभा उपचुनाव से पहले 12 मई को प्रशासन ने उन्हें जिला बदर कर दिया था। जिला बदर किए जाने के बाद वो संभल में रह रहे हैं। बकरीद के त्योहार पर अपने घर न होने और आजम खां से ईद न मिल पाने को लेकर फसाहत अली खां शानू एक वीडियो के माध्यम अपनी पीड़ा बयां की थी। इसके बाद रविवार दोपहर बाद आजम खां अचानक संभल पहुंच गए। यहां पर आजम खां संभल के गांव चिमनावाली निवासी अकरम हुसैन के आवास पर रह रहे फसाहत अली खां शानू से मिले और ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान दोनों के बीच काफी देर तक बात हुई। इसके बाद आजम ख़ां फसाहत शानू के साथ संभल में ही आदमपुर रोड निवासी महमूद वारसी के यहां पहुंचे और पुरसे में शामिल हुए। कुछ दिन पहले ही महमूद वारसी की बहन का देहांत हो गया था।
इसके बाद सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष फिरोज खान से मिलने उनके आवास सरायतरीन पहुंचे और मुलाकात की। इसके बाद रामपुर वापसी करते हुए मुरादाबाद में एक निजी अस्पताल में भर्ती शाहबाद निवासी सपा नेता जावेद खान के बेटे से मिलने पहुंचे। जावेद खान के बेटे हमजा खान कुछ दिन पहले एक्सीडेंट में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस दौरान आजम खां के बड़े बेटे अदीब आजम और रामपुर के सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल भी मौजूद रहे।