सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां, उनकी पत्नी तजीन फात्मा और बेटे अब्दुल्ला आजम के जेल जाने के बाद आयकर विभाग की टीम जौहर यूनिवर्सिटी पहुंची। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) के साथ मिलकर आयकर टीम द्वारा की गई कार्रवाई का मकसद जौहर यूनिवर्सिटी में बने भवनों का सटीक मूल्यांकन बताया जा रहा है।
आयकर विभाग की टीम एक माह के भीतर दूसरी बार रामपुर पहुंची है। 13 सितंबर को आयकर विभाग की टीम ने यूपी और मध्य प्रदेश में 30 परिसरों पर छापे मारे थे। रामपुर में छह से ज्यादा टीमें आई थीं। इस दौरान टीमों ने सपा नेता आजम खां के घर पर 60 घंटे तक छानबीन व पूछताछ की थी।
आजम के करीबी एवं चमरौवा के सपा विधायक नसीर अहमद समेत कुछ अन्य के आवासों पर भी आयकर टीमें पहुंची थीं। आयकर विभाग की टीम रामपुर में तीन दिन रही थी। इस बीच कई लोगों से पूछताछ की थी।
सूत्रों का कहना है कि उच्चाधिकारियों की फौरी जांच में पाया गया है कि जौहर विश्वविद्यालय के निर्माण पर करीब दो हजार करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। खातों में निर्माण खर्च 100 करोड़ रुपये के आसपास दर्शाया गया है। अब सीपीडब्ल्यूडी विशेषज्ञों के साथ आयकर की टीम दस्तावेजी खर्च और वास्तविक व्यय राशि का अंतर पकड़ने में लगी है।