रामपुर। समाजवादी पार्टी के नेता आजम खां करीब ढाई साल बाद 12 जून को लोकसभा उपचुनाव में किले के मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी 12 जून को रामपुर आ सकते हैं और भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित कर सकते हैं।
लोकसभा उपचुनाव के लिए चल रही नामांकन प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है। अब सभी प्रत्याशी पूरी ताकत से चुनाव मैदान में जुट गए हैं। ऐसे में अब सपा भी अपने चुनावी अभियान को धार देने की तैयारी में है। इसके तहत ढाई साल बाद सपा के कद्दावर नेता आजम खां किसी आम सभा को संबोधित करेंगे। वह 12 जून को किला मैदान में जनसभा करेंगे। इससे पहले वह 10 जून को दारूल अवाम पर पार्टी कार्यालय पर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। उनकी यह बैठक रात को आठ बजे होगी। वहीं, भाजपा की तरफ से भी चुनाव प्रचार तेज कर दिया गया है। हर दिन कोई न कोई वरिष्ठ नेता रामपुर में रहता है। इसके साथ ही 12 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी रामपुर आ सकते हैं और भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा कर सकते हैं। हालांकि, उनका कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ है।