कैश की किल्लत से जूझ रहे लोगों को राहत देने के लिए जिला प्रशासन की ओर से पहल की गई है। प्रशासन ने बैंकों के सहयोग से एटीएम वैन गांव-गांव घुमानी शुरू कर दी है। शुक्रवार से इसकी शुरुआत कर दी गई है।
कैश की किल्लत से शहरी क्षेत्र के ही नहीं बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी जूझ रहे हैं। दस दिन बाद भी इस समस्या से निजात नहीं मिली है। लोगों की दिक्कत को देखते हुए प्रशासन ने बैंकों के सहयोग से एटीएम वैन को जिले भर के ग्रामीण इलाकों में घुमाने का फैसला लिया है। जिलाधिकारी अमित किशोर ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट से इस वैन को हरी झंडी देकर रवाना किया।
विज्ञापन
जिला सहकारी बैंक की इस एटीएम वैन को जिले के ग्रामीण इलाकों में घुमाया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि डीसीबी की इस एटीएम में विभिन्न बैंकों ने धनराशि डाली है। कोई भी व्यक्ति एक हजार रुपये से ज्यादा इस एटीएम से नहीं निकाल सकेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि यह एटीएम वैन खासतौर से ग्रामीण इलाकों में घूमकर लोगों की कैश की समस्या से जूझेगी। उनके मुताबिक यदि किसी को किसी तरह की समस्या है तो इसके लिए सीधे तौर पर हेल्पलाइन नंबर 0595-2350403 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
डीएम ने बताया कि बैंकों के पास कैश की कमी को दूर करने की कोशिश की जा रही है। दूसरी ओर बैंकर्स ने कहा: राहत देने के लिए कोशिश की जा रही है। इसके लिए बैंक अपने स्तर से कार्रवाई करने में जुटी हुई है। कहा कि कैश की किल्लत है, जिसे जल्द ही दूर कर लिया जाएगा। इस मौके डीएम ने कहा कि यदि कहीं बैंकर्स मनमानी करते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।