बिना सुरक्षा गार्ड का यूनियन बैंक का एटीएम : संवाद
रामपुर। मुरादाबाद में एटीएम लूट कांड के बाद रामपुर में 22 बैंकों के 225 एटीएम की सुरक्षा पर भी सवालिया निशान लगने लगे हैं। यहां पर एटीएम की सुरक्षा के लिए न तो गार्डाें की तैनाती है और न ही पुलिस का पहरा। सुरक्षा के अन्य भी कोई इंतजाम नहीं है। रात के समय में कई एटीएम बूथ ऐसे हैं, जिनके गेट खुले रहते हैं। इनमें वारदात की आशंका ज्यादा है। साथ ही कई एटीएम के गेट बंद कर दिए जाते हैं, जिससे ग्राहकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
शौकत अली रोड-8.30 बजे
शौकत अली रोड पर बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम है। इस एटीएम पर सुरक्षा गार्ड नहीं है। इस एटीएम का दरवाजा रात के वक्त ही खुला रहता है। इसकी सुरक्षा रात्रि गश्त पर निकलती पुलिस के हवाले ही है। देर रात में यह एटीएम बंद कर दिया जाता है।
राधा मोड़ के पास -8.45 बजे
शौकत अली रोड पर राधा कट के पास एटीएम है। इस एटीएम की सुरक्षा भी खतरे में है। यहां पर सुरक्षा गार्ड नहीं है,जिसकी वजह से यहां शाम होते ही वीरानगी छाने लगती है। लोगों को इससे परेशानी होती है।
शाहबाद रोड-8.45 बजे
शाहबाद रोड पर ज्वाला नगर में एचडीएफसी का एटीएम है। यहां पर भी सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं है। सुरक्षा की बात की जाए तो यहां पर सुरक्षा गार्ड तो दूर आसपास पुलिस कर्मी भी नहीं रहते हैं। यहां का गेट भी पूरी तरह से बंद नहीं हो पाता।
-
आगापुर रोड-9.00 बजे
आगापुर रोड पर तीन एटीएम हैं। तीनों एटीएम पर भी सुरक्षा के इंतजाम नहीं है। यहां सुरक्षा गार्ड भी मुहैया नहीं है,जिसकी वजह से यहां खतरा बना रहता है। यहां की सुरक्षा भी राम भरोसे है।
-
जिले में एटीएम की सुरक्षा को लेकर शासन की ओर से कोई अलग व्यवस्था नहीं है। बैंकों की ओर से गार्ड तैनात किए जाते हैं,जिन बैंकों में सुरक्षा गार्ड नहीं है,वहां कैमरों से निगरानी की जाती है। -शिवांग जोशी, एलडीएम