इंदिरा आवासों की तरह आसरा आवासों के लिए भी अपात्रों का चयन किए जाने का मामला सामने आया है। इस पर डीएम ने शहर के नालापार और टांडा की जांच बैठा दी है। इसके लिए चार अधिकारियों की कमेटी गठित की गई है।
शहर समेत नगर निकायों में गरीबों के लिए आसरा आवास बनवाए जा रहे हैं। अधिकतर आवास पूर्ण होने की स्थिति में है। शहर के नालापार और टांडा में भी आवास बनवाए जा रहे हैं। आवासों के आवंटन की भी प्रक्रिया जारी है। नगरीय विकास अभिकरण(डूडा) की ओर से आवेदन लेने के बाद लाभार्थियों की पात्रता का सत्यापन कराया गया।
इसमें अपात्रों का भी चयन करने का मामला सामने आया। इस पर जिलाधिकारी ने नालापार और टांडा के आवास चयन को लेकर जांच बैठा दी है। इसके लिए चार अधिकारियों की कमेटी बनाई है। कमेटी बुधवार को टांडा पहुंची। अधिकारियों ने मौके पर जाकर लाभार्थियों की पात्रता की जांच की। मालूम हो कि 2015-16 में इंदिरा आवासों के लाभार्थियों के चयन में भी बड़े पैमाने पर धांधली की गई। इसकी भी जांच चल रही है। जांच में 500 से ज्यादा मामले पकड़ में आ चुके हैं।