केमरी। केमरी में श्री रामजानकी रामलीला कमेटी के तत्वाधान में चल रही रामलीला में मंगलवार को रावण के पुतले का दहन किया गया। रावण के पुतले का दहन होते ही रामलीला मैदान श्री राम के जयकारों से गूंज उठा।
केमरी में चल रही रामलीला का मंगलवार को रावण दहन के साथ समापन किया गया। इस मौके पर शाम करीब पांच बजे रामलीला मैदान में मेले का आयोजन किया गया। मेले में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी भारी संख्या में लोग पहुंचे। मेले में पहुंचे लोगों ने वहां लगे चाट पकौड़ो व बच्चों ने झूलों का जमकर आनंद लिया। रामलीला मैदान पर श्रीराम व रावण सेना के बीच युद्ध हुआ। अंत में श्रीराम ने अहंकारी रावण का वध कर दिया। बाद में रावण के पुतले का दहन कर दिया गया। इसके बाद भगवान श्री राम के राज्याभिषेक का मंचन किया गया। इस दौरान कलाकारों को कमेटी द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मेला इंचार्ज पूरन सिंह तोमर, खूबचंद्र गुप्ता, राम भरोसे रस्तोगी, राजेश गुप्ता, राजेश रस्तोगी, जगदीश गुप्ता, लाखन सिंह, सौरभ चौहान, हरिराम सैनी, भूप सिंह सैनी, संजय सैनी, दिनेश रस्तोगी, रोहित शर्मा आदि लोग मौजूद रहे।