देश को मजबूत बनाना है, वोट डालने जाना है। व्हाइट हॉल पब्लिक स्कूल के बच्चों ने कुछ ऐसे ही स्लोगन पेश किए। मतदान जागरूकता अभियान के तहत स्लोगन लेखन और पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जहां बच्चों ने पोस्टरों के जरिए मतदाताओं को मतदान के महत्व के बारे में जानकारी दी।
स्कूल में आयोजित प्रतियोगिता में बच्चों ने मतदान के प्रति जागरूक करने वाले लगाए। सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो। थोड़ा समय निकालो, मतदान से अपना देश बचा लो। लोकतंत्र की यही पहचान, मजबूत मतदाता भरपूर मतदान। कुछ इसी तरह के स्लोगनों के जरिए लोकसभा चुनाव में मतदाताओं से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की।
मतदाताओं को वोट के महत्व के बारे में बताया। इसके बाद बच्चों की पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जहां बच्चों ने विभिन्न प्रकार के पोस्टर बनाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था में मत और मतदाता के बारे में बताया। प्रधानाचार्या डॉ. बसंत गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव अहम होते हैं।
इस बार देश की सरकार चुनने के लिए चुनाव हो रहे हैं। ऐसे में देश का प्रतिनिधित्व किसके हाथ में हो, यह सभी मतदाताओं को सोचना है। उन्होंने आगामी 23 अप्रैल को सभी मतदाताओं से वोट डालने की अपील की। इस मौके पर हेड मिस्ट्रेस बज्मी जेहरा, रोबिना सलमान, गुलबादामा, लक्ष्मी शर्मा, ज्योति गिरोटी आदि उपस्थित रहे। संचालन अंशु पाठक ने किया।
वहीं, इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स आर्गनाइजेशन की ओर से स्वार में मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। सचिव डॉ. अजीम नकवी ने कहा कि सभी को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। मतदाताओं की जितनी ज्यादा भागीदारी होगी, उतनी ही अच्छी सरकार बनेगी, जो गरीबों के हितों को ध्यान में रखकर काम करेगी। इस मौके पर फरहत अली खां, शाहवेज, अदनान, शमीम आदि उपस्थित रहे।