आनी (कुल्लू)। आनी की ग्राम पंचायत लझेरी में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने के बाद पांच गांवों पूरी तरह सील कर दिए हैं। एसडीएम चेत सिंह ने इस संबंध में फरमान जारी कर दिए हैं। जारी आदेशों के अनुसार लझेरी पंचायत के डीम, छलाली, थनाच, झखनाली और जाजू गांव को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। वहीं सभी गांव को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। इन क्षेत्रों में प्रशासनिक और मेडिकल आपातकाल में तैनात व्यक्ति और वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों और व्यक्तियों के आवागमन की मनाही है।
जरूरी सामान की होम डिलिवरी की जाएगी। इसके साथ ही कंटेनमेंट जोन में कोई भी व्यक्ति न तो पैदल न ही वाहन से व्यर्थ में इधर-उधर घूम सकता है। इस दौरान न ही किसी सार्वजनिक रास्ते या स्थान पर खड़ा हो सकता है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे और आगामी आदेशों तक प्रभावी माने जाएंगे।
इस क्षेत्र में बैंक और पोस्ट ऑफिस 48 घंटे के लिए बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। आवश्यक वस्तुओं जैसे किराना, दूध, सब्जी और मीट की दुकानें कोविड प्रोटोकॉल के हिसाब से खुलेंगी। इन आदेशों की उल्लंघन करते हुए अगर कोई पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बक्खन पंचायत का दरमोट वार्ड सील
निरमंड खंड की बक्खन पंचायत का वार्ड नंबर-1 दरमोट को भी सील कर दिया गया है। इस संबंध में उपमंडल दंडाधिकारी आनी ने आदेश जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही वार्ड को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है।
पंचायत के वार्ड नंबर-2 को बफर जोन घोषित किया गया है। इन क्षेत्रों में भी वही नियम लागू होंगे, जोकि आनी खंड की लझेरी पंचायत के पांच गांवों में लागू किए गए हैं। इन नियमों की अवहेलना पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इनसेट
एसडीएम चेत सिंह ने लोगों से अपील की कि लोग कोविड प्रोटोकॉल का ध्यान रखें। मास्क पहनें, हाथ बार-बार धोएं। विशेष तौर पर इस बात का ध्यान रखें कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में न जाएं।