पटवाई। ईंट भट्ठे के पास बने पानी भरे गड्ढे में गिरकर छह साल के मासूम वंश की मौत हो गई। बच्चों के साथ खेलने गया वंश अचानक गड्ढे में गिर गया। साथ खेल रहे बच्चों ने भट्ठे पर काम कर रहे लोगों को सूचना दी, जिसके बाद उसे बाहर निकाला गया। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई।
क्षेत्र के सेहविया गांव निवासी प्रेम सिंह का छह साल का बेटा वंश गांव के अन्य बच्चों के साथ पास के भट्ठे के पास खेलने गया था। भट्ठे के पास कच्ची ईंट बनाने के लिए खेत में मिट्टी गीली करने के लिए करीब दस फीट गहरा पानी का गड्ढा बना हुआ था। बताया गया कि खेलते समय वंश उसमें गिर गया। साथ गए बच्चों ने भट्ठे पर काम कर रहे लोगों को जानकारी दी, जिसके बाद उसे बाहर निकाला गया।
परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह सुनकर परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वंश के पिता ने आरोप लगाया कि भट्ठा मालिक की लापरवाही से बेटे की जान चली गई। थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। लगाए गए आरोपों की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसपी विद्यासागर मिश्र ने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है। पिता ने मौखिक रूप से आरोप लगाए हैं। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
तीन बहनों में इकलौता था वंश
पटवाई। पानी के गड्ढे में गिरकर जान गंवाने वाला वंश घर का इकलौता और सबसे छोटा बेटा था। उसकी तीन बड़ी बहनें हैं। पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार वंश से बहुत स्नेह करता था। उसकी मौत के बाद पूरे परिवार का बुरा हाल है। परिजनों ने भट्ठा मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। संवाद