रामपुर। आजादी का अमृत महोत्सव के अवसर पर रविवार को रामपुर रजा लाइब्रेरी में ‘‘जिगर मुरादाबादी जंग-ए-आजादी में क़लम का सिपाही‘‘ विषय पर वर्चुअल विस्तार व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रोफेसर शरीफ अहमद कुरैशी ने जिगर मुरादाबादी पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जीशान अफसर की तिलावते कुरान और नवेद कैसर शाह की नाते पाक से हुआ। प्रोफेसर शरीफ अहमद कुरैशी ने कहा कि जिगर मुरादाबादी खुशनसीब शोअरा में से एक हैं। उन्हें भारत के राष्ट्रपति द्वारा पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है। उनकी साहित्यिक और शेअरी सेवाओं के लिए अलीगढ़ विश्वविद्यालय ने डाक्टरेट से भी सम्मानित किया है। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अजहर इनायती ने जिगर साहब की तारीफ़ करते हुए कहा कि बुलंद कर दिया सर उसका उम्र भर के लिए, दुआएं करती रहेंगी ग़जल जिगर के लिए। कार्यक्रम का संचालन लाइब्रेरियन एवं सूचना अधिकारी डॉ. अबुसाद इस्लाही ने किया। इस मौके पर शकील ग़ौस, डॉ. अब्दुल रऊफ, अब्दुल अली, डॉ. मुमताज अर्शी आदि लोग मौजूद रहे।