रामपुर। जिला अस्पताल में स्टाफ नर्स ने नवीनीकरण की सूची से नाम हटाकर पैसे लेकर दूसरी नर्स का चयन करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि उससे डेढ़ लाख रुपये मांगे गए थे, जो वह नहीं दे सकी। पीड़िता ने इस मामले में सीएमओ से शिकायत की है।
ममता रानी संविदा पर स्टाफ नर्स हैं। इन्होंने बताया कि वह तहसील सदर में ग्राम नारायनपुर की रहने वाली हैं। जिला अस्पताल में स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत हैं। बताया कि कोरोना काल में भी उन्होंने अपनी ड्यूटी को अच्छे से निभाया था। अब जिला स्वास्थ्य समिति की ओर से संविदा स्टाफ नर्स के कर्मियों का नवीनीकरण होना है। यह वरीयता और आयु के आधार पर होगा।
उन्होंने बताया कि उनको मिलाकर तीन स्टाफ नर्स हैं। वरीयता के आधार पर वह अन्य दोनों स्टाफ नर्स से पहले स्थान पर हैं। नवीनीकरण सूची में उनका नाम भी था। आरोप है कि उनके पास एक फोन आया था, जिसमें उनसे 1.15 लाख रुपये की डिमांड की गई। रुपये न देने पर उनके स्थान पर दूसरी नर्स के नाम का नवीनीकरण कर दिया गया है।
आरोप है कि नवीनीकरण की सूची से गलत तरीके से उनका नाम हटाया गया है। उन्होंने सीएमओ डॉ. एसपी सिंह से कार्रवाई की मांग की है। सीएमओ ने मामला संज्ञान में होने की बात कही है। साथ ही कहा है कि वह प्रकरण की जांच करा रहे हैं।