रामपुर। मसवासी नगर पंचायत अध्यक्ष दिनेश कुमार गोयल ने डंपर चालक और खनन से जुड़े लोगों पर उनकी कार को डंपर से कुचलने का प्रयास करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कोतवाली स्वार में तहरीर देकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के मुताबिक, 24 सितंबर की रात नगर पंचायत अध्यक्ष कार से जा रहे थे। खुशहालपुर के पास एक ओवरलोड डंपर ने उनकी कार को टक्कर मारने का प्रयास किया। अपनी जान बचाने के लिए उन्होंने कार को सड़क किनारे खेत में उतार दिया।
इसके बाद उन्होंने डंपर चालक का विरोध किया। आरोप है कि मौके पर मौजूद खनन से जुड़े फील्डर, डंपर चालक और हेल्पर ने उनके साथ अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी। सूचना पर मसवासी पुलिस चौकी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
अध्यक्ष के अनुसार, घटना के बाद मुराद नाम के व्यक्ति ने फोन कर उन्हें धमकी दी। इसके अलावा 25 सितंबर को दो लोग नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और मामले में कार्रवाई करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इससे अध्यक्ष ने अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने कोतवाली स्वार में तहरीर देकर मामले की जांच, आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।