गणतंत्र दिवस को लेकर जिलेभर में अलर्ट जारी किया है। सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा रखा जाएगा। खासतौर से रेलवे और रोडवेज बस स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाने के आदेश दिए गए हैं। इसके साथ ही होटलों और सिनेमाघरों में भी चेकिंग की जाएगी।
चुनावी मौसम के बीच देश अब गणतंत्र दिवस मनाने जा रहा है। गणतंत्र दिवस को लेकर प्रदेशभर में अलर्ट जारी किया गया है। देश में पिछले दिनों हुई आतंकी घटनाओं को देखते हुए शासन ने अब गणतंत्र दिवस को लेकर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रखने के आदेश जारी किए हैं। खुफिया विभाग की ओर से आतंकी घटनाओं की आशंका जताने के बाद अब अलर्ट जारी किया गया है।
विज्ञापन
प्रदेश के गृह सचिव एवं डीजीपी ने प्रदेश भर के सभी जिला पुलिस प्रमुखों को आदेश जारी करते हुए अलर्ट जारी कर दिया है। इसके तहत शासन ने जिले भर में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त करने के आदेश जारी किए हैं। इस आदेश के मुताबिक रेलवे स्टेशन, रोडवेज और निजी बस अड्डों व बाजारों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रखने को कहा गया है। इसके साथ ही इन स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाने को भी कहा गया है। साफ कहा है कि किसी भी तरह की कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
शासन के आदेश पर डीएम अमित किशोर एवं एसपी केशव कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से एसडीएम व सीओ के साथ ही थानाध्यक्षों को आदेश जारी कर दिया है। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने को कहा है। साथ ही थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में गश्त तेज रखने और वाहनों की चेकिंग के साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर भी चेकिंग कराने को कहा है। एसपी ने बताया कि जिलेभर में सुरक्षा के इस दौरान कड़े प्रबंध रहेंगे।