रामपुर। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 12 मार्च को रामपुर आएंगे। वो यहां पर जौहर यूनिवर्सिटी में जनसभा को संबोधित करेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जौहर यूनिवर्सिटी से आंबेडकर पार्क तक लगभग 11 किलोमीटर लंबी साइकिल रैली निकालेंगे। 12 मार्च को अखिलेश यादव रामपुर में ही आजम खां के हमसफर रिपोर्ट में रुकेंगे। पार्टी की ओर से उनका अधिकृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।
सपा की ओर से रामपुर से लखनऊ तक साइकिल यात्रा 12 से 21 मार्च तक प्रस्तावित है। अखिलेश यादव जब जनवरी माह के दौरान रामपुर में आजम खां की पत्नी डॉ. तजीन फात्मा से मुलाकात करने के आए थे तो उन्होंने कहा था कि जौहर यूनिवर्सिटी को बचाने के लिए और आजम खां पर हुई कार्रवाई के विरोध में पार्टी के कार्यकर्ता पूरे प्रदेश भर में साइकिल रैली निकालेंगे। अखिलेश यादव की एलान पर अमल करते हुए पार्टी की ओर से साइकिल रैली की रूपरेखा तय कर दी गई है। अखिलेश यादव 12 मार्च को मुरादाबाद से सड़क मार्ग से दोपहर दो बजे जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचेंगे। यहां पर वो पत्रकारों को संबोधित करेंगे। इसके बाद जौहर यूनिवर्सिटी में दोपहर बाद तीन बजे एक जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा में विधानसभा में विरोधी दल के नेता रामगोविंद चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, विधायक डॉ. तजीन फात्मा, नसीर खां, फहीम इरफान और सपा के जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव मौजूद रहेंगे। इसके बाद अखिलेश यादव पार्टी के विधायकों और कार्यकर्ताओं के साथ जौहर यूनिवर्सिटी से आंबेडकर पार्क तक लगभग 11 किलोमीटर लंबी साइकिल रैली निकालेंगे। साइकिल रैली के बाद अखिलेश 12 मार्च को रात्रि विश्राम आजम खां के हमसफर रिसोर्ट में करेंगे।
13 मार्च को सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल साइकिल रैली को आंबेडकर से हरी झंडी दिखाकर बरेली के लिए रवाना करेंगे। मुरादाबाद के सपा जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह यादव और विधायक फहीम इरफान लखनऊ तक साइकिल यात्रा को जारी रखेंगे। रामपुर के सपा जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार और पूर्व विधायक विजय सिंह बरेली की सीमा (मीरगंज) तक साइकिल यात्रा को पहुंचाएंगे। साइकिल यात्रा बरेली, शाहजहांपुर, लखीमपुर, सीतापुर होते हुए लखनऊ तक पहुंचेगी। साइकिल यात्रा 21 मार्च को लखनऊ पहुंचेगी। 21 मार्च को अखिलेश यादव प्रदेश कार्यालय पर पार्टी विधायकों और साइकिल यात्रा में भाग लेने वाले कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। साइकिल यात्रा का समापन राजभवन पर किया जाएगा और इस मौके पर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जाएगा।