रामपुर। प्रदेश सरकार में जलशक्ति राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख को उन्हीं के विधानसभा क्षेत्र में सड़क न बनने गुस्साए लोगों ने कीचड़ युक्त मार्ग पर रोक कर समस्या पर चर्चा की थी। 28 अगस्त को हुई इस घटना के समय राज्यमंत्री और साथ मौजूद डीएम ने सड़क की दशा जल्द सुधरवाने के लिए क्षेत्र के अधिशासी अधिकारी (ईओ) को निर्देश दिए थे। विधानसभा चुनाव की नजदीकी से बढ़ती सियासी सक्रियता में यह मामला राजनीतिक मुद्दा बन गया है।
इस मामले को लेकर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने ट्वीट कर हैशटैग दिया है, नहीं चाहिए भाजपा। पूर्व मुख्यमंत्री के इस ट्वीट को सोशल मीडिया पर काफी वायरल किया जा रहा है। कुछ लोग रीट्वीट भी कर रहे हैं।
दूसरी ओर भाजपा नेताओं का कहना है कि राज्यमंत्री औलख ने न सिर्फ काफिला रोककर लोगों की समस्या सुनी थी बल्कि साथ मौजूद डीएम और ईओ तत्काल सुधार के निर्देश दिए थे। इसके बाद बदहाल सड़क पर रोड़ी डालकर कीचड़ का प्रभाव कम करने की कोशिश भी हुई है।
--