कांग्रेस और सपा के बीच हो रही तकरार के बीच कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय राय ने सपा नेता आजम खां के समर्थन में खड़े होने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि आज़म खां के परिवार को भाजपा सरकार प्रताड़ित कर रही है। आजम खां की पत्नी तजीन फातमा के साथ इस तरह की कानूनी कार्रवाई पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित है।
भाजपा महिलाओं के सम्मान करने की बात करती है दूसरी तरफ महिलाओं को जेल में डाल देती है। कांग्रेस पार्टी आजम खां के परिवार के साथ है। बरेली से दिल्ली जाते समय रामपुर बाईपास पर अजय राय का कांग्रेसियों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने सपा नेता आजम खां के समर्थन की बात कही।
कहा कि आजम परिवार का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने यूपी कि कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि यूपी में कानून व्यवस्था ठप है। भाजपा राज मे कोई सुरक्षित नहीं है लखनऊ में मंत्री के बेटे की रिवाल्वर से गोली मारकर हत्या कर दी जाती है लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं होती है।
सरकार ने भाजपा नेताओं को अपराध करने कि खुली छूट दे रखी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सभी 80 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। 2024 में भाजपा-कांग्रेस का सीधा मुकाबला होगा। देश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
इससे पहले उन्होंने बरेली में कहा कि सपा और कांग्रेस के बीच हुई तकरार का मामला खत्म हो चुका है। अखिलेश यादव ने अपनी सारी चीजों को मान लिया। उन्हें अपनी पार्टी के लोगों को दिशा-निर्देश देना चाहिए। काम करना है तो ठीक से और अच्छे से काम करना चाहिए।
जब गठबंधन करना ही नहीं था, तो बुलाया ही क्यों ? अखिलेश के इस बयान पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सपा मुखिया को नसीहत देते हुए कहा कि जनता अब यह सब सुनने को तैयार नहीं। जनता चाहती है कि भाजपा को देश और प्रदेश से हटाइए। अगर तूतू-मैंमैं करते रहोगे तो इसका निश्चित तौर पर नुकसान होगा।
इसका उन्होंने खामियाजा देखा भी है। इस मौके पर प्रदेश संगठन सचिव अनिल यादव, जिला अध्यक्ष धर्मेन्द्र देव गुप्ता, पूर्व विधायक अफरोज अली खां, शहर अध्यक्ष नोमान खां, लल्लन खां, ताहिर अंजुम, अकरम सुलतान, मास्टर फिरोज खां, जिबरान खां, अब्दुल जब्बार खां, महबूब खां, दामोदर सिंह गंगवार, हसीब खां मौजूद रहे।