रामपुर। गोवध जैसे संगीन अपराधों को अंजाम देने वाले चार हिस्ट्रीशीटरों समेत छह हिस्ट्रीशीटर बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत के कार्रवाई की है। साथ ही पुलिस ने अपराधियों की अब करीब 1.16 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त करने की कार्रवाई करेगी, इसके लिए संपत्ति चिह्नीकरण किया जा रहा है।
प्रदेश सरकार की ओर से अपराधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है। यहां तक कि अपराधियों में भय पैदा करने के लिए सरकार के आदेश पर उनकी संपत्तियां जब्त की जा रही हैं। इनमें वे संपत्तियां शामिल हैं, जो अपराधियों ने गलत कार्यों को अंजाम देकर अर्जित की हैं। पिछले दिनों गोवध जैसे अपराधों में लिप्त चार हिस्ट्रीशीटरों और जिले के कुल छह हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की है। इनमें मुख्तार पुत्र नत्थू निवासी ग्राम मोमिनपुर थाना शहजादनगर, शीशपाल पुत्र ऊदल सिंह निवासी ग्राम बकनेरी थाना शहजादनगर, मुन्ने उर्फ गुलाम नबी पुत्र मोहम्मद नबी, बब्बू पुत्र मोहम्मद नबी, लईक पुत्र कलुआ उर्फ अहमद नवी, असलम पुत्र मोहम्मद नवी समस्त निवासी टांडा हुरमतनगर थाना बिलासपुर शामिल हैं। इन सभी आरोपियों ने गोवध और अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया है। लिहाजा, आरोपियों की आपराधिक कृत्यों से अर्जित की गई संपत्ति का चिन्हीकरण किया गया है। जिसमें मुख्तार की 1.10 लाख रुपये, शीशपाल की 50 हजार रुपये, मुन्ने की 37.35 लाख रुपये, बब्बू की 21.18 लाख रुपये, लईक की 15.83 लाख रुपये तथा असलम की 40.22 लाख रुपये की संपत्तियां शामिल हैं। पुलिस अफसरों की माने तो मुख्तार के खिलाफ विभिन्न थानों में 20, शीशपाल के खिलाफ तीन, मुन्ने के खिलाफ नौ, बब्बू के खिलाफ 22, लईक के खिलाफ 12, असलम के खिलाफ 28 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने बताया कि आरोपियों की संपत्तियां जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।