स्वार। उत्तराखंड से तस्करी कर लाई जा रही सगौन और शीशम की लकड़ी से भरी पिकअप को एक वन कर्मी ने पकड़ा, लेकिन आरोप है कि 18 हजार रुपये लेकर वाहन को छोड़ दिया गया। इस मामले ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वन रेंजर मुजाहिद हुसैन का कहना है कि मामला संज्ञान में है, जिसकी जांच कराई जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, मंगलवार देर शाम उत्तराखंड का एक लकड़ी कारोबारी प्रतिबंधित लकड़ी से भरी पिकअप लेकर स्वार मंडी आ रहा था। वन कर्मी ने वाहन रोककर कागजात मांगे, लेकिन चालक कोई अभिलेख पेश नहीं कर सका। इसी दौरान कथित लेनदेन हुआ और मामला 18 हजार रुपये में निपटा, जिसके बाद पिकअप छोड़ दी गई। किसानों और स्थानीय लोगों ने वन कर्मियों पर अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए हैं।
वन रेंजर मुजाहिद हुसैन ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, जांच कराई जाएगी। यदि पैसे लेकर छोड़ने की बात साबित हुई, तो संबंधित वन कर्मी पर सख्त कार्रवाई होगी।