पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए एक व्यक्ति ने परिवार के साथ इच्छामृत्यु की अनुमति मांगी है। उसने डीएम, एसपी को इस आशय का पत्र देते हुए समस्या का निस्तारण न होने पर एक नवंबर को लखनऊ में आत्मदाह करने की धमकी दी है।
मामला सिविल लाइंस थाना क्षेत्र का है। यहां रहने वाले बाबा दीप सिंह नगर निवासी गुरमेल सिंह का आरोप है कि उनके रिश्तेदार व रिश्तेदार के पुत्र ने उनके पुत्र को इंग्लैंड का दस साल का वीजा दिलाने व नागरिकता दिलाने के नाम पर 15 लाख रुपये की रकम हड़प ली।
वीजा न मिलने पर उन्हें 15 लाख रुपये का चेक दे दिया, जो खाते में पर्याप्त धनराशि न होने की वजह से बाउंस हो गया। बाद में रुपये वापस मांगने पर उनके रिश्तेदार ने अपने दामाद से 15 सितंबर 2018 को एक वाहन दिला दिया था।
बाद में पुलिस से सांठगांठ कर आरोपियों ने फर्जी लूट का ड्रामा रचकर लूट की धाराओं में पांच सितंबर 2019 को उनके खिलाफ सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया। इसको लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री और डीजीपी से शिकायत भी की और मुकदमा निरस्त करने की मांग की।
इसके बाद भी मुकदमा निरस्त नहीं हुआ। तब से पुलिस भी लगातार उनका उत्पीड़न कर रही है। आरोपियों ने उनकी कृषि भूमि पर भी कब्जा कर लिया है। डीएम को पत्र में यह सब लिखकर परिवार सहित इच्छामृत्यु अनुमति की मांग की है।
गौरतलब है कि गुरमेल सिंह कुछ दिनों पूर्व राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख के रामपुर मक्का मिल कॉलोनी स्थित कैंप आवास पर भी परिजनों के संग धरने पर बैठ गए थे।