स्वार। नरपतनगर निवासी एक व्यक्ति से दढि़याल क्षेत्र के व्यक्ति ने दुकान दिलाने के नाम पर 2.15 लाख रुपये ठग लिए। जब पीड़ित ने अपने पैसे मांगे तब पैसा वापस करने से इन्कार करते हुए उसे धमकी दी गईं। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की है।
नगर पंचायत नरपतनगर निवासी फरजंद अली ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि नगर पंचायत दढ़ियाल में कारोबार करने के लिए वह दुकान खरीदने का प्रयास कर रहा था। इस दौरान एक युवक मिला और उसने मिलक जाने वाले मार्ग पर एक दुकान दिखाई। उसने बताया कि यह दुकान सस्ते में उसे दिला देगा। उसका कहना है कि दुकान का सौदा 21.65 लाख में कर दिया गया।
पीड़ित का कहना है कि पेशगी बतौर 10 अक्तूबर को 2.15 लाख रुपये दे दिए गए। बाकी रकम छह माह बाद अदा कर रजिस्ट्री कराने के समय देना तय हुआ था।
पीड़ित का कहना है कि उसने दुकान के बारे में जानकारी निकाली तो पता चला कि दुकान सरकारी रास्ते पर बनी हुई है। पीड़ित ने युवक से सरकारी जगह में दुकान होने की बात कहते हुए अपनी रकम वापस मांगी।
आरोप है कि युवक ने रकम देने से इन्कार कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी। कोतवाल प्रदीप मलिक ने बताया कि शिकायत मिली है। जांच कराई जा रही है। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। संवाद