स्वार। नगर की एक निजी अस्पताल की संचालिका ने पूर्व सभासद के पति शाह आलम खां पर रंगदारी मांगने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नगर के मोहल्ला नखासा वाली मस्जिद निवासी नाजमा बी उर्फ डॉ. नाज ने कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह नाज हॉस्पिटल की संचालिका हैं। उनका अस्पताल विधिवत पंजीकृत है और स्वास्थ्य विभाग के सभी नियमों व निर्देशों का पालन किया जाता है।
उनका आरोप है कि नगर के वार्ड नंबर तीन, मोहल्ला रसूलपुर निवासी शाह आलम खां उनसे हर महीने 50 हजार रुपये रंगदारी मांगता था। रुपये न देने पर आरोपी अपहरण कर जान से मरवाने की धमकियां देता था।
यह भी आरोप है कि पहले भी आरोपी ने झूठे आरोप लगवाकर उनका अस्पताल सील करा दिया था, जिसे बाद में इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर पुन: संचालित कराया गया। उन्होंने यह भी बताया कि डर के कारण वह पहले आरोपी को 20 हजार रुपये दे चुकी हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर शाह आलम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सीओ स्वार अतुल कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।