आसमान में छाई धुंध का असर यातायात व्यवस्था पर पड़ना शुरू हो गया है। रविवार सुबह कोहरे के चलते रोडवेज बस सहित छह वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में रोडवेज बस का परिचालक समेत चार लोग घायल हो गए। हाईवे पर भीड़ जुटने से कुछ देर के लिए जाम जैसी स्थिति रही। हालांकि, बाद में पुलिस ने खराब वाहनों को एक किनारे लगवाकर कर जाम को खुलवाया।
हरियाणा के पंचकूला निवासी सुनील कंटेनर लेकर हिमाचल प्रदेश से गोरखपुर जा रहा था। रविवार की तड़के घना कोहरा था। इससे कंटेनर अनियंत्रित होकर शंकरपुर के पास डिवाइडर से जा टकराया। हादसे में ड्राइवर और हेल्पर घायल हो गए। पीछे से आ रही पीलीभीत डिपो की बस इसी कंटेनर से जा टकराई। इसमें बस के परिचालक की चोटें आईं। हादसे के बाद बस में सवार सवारियों ने चीख पुकार मच गई। इस बीच पीछे से आ रहे एक ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। जिससे बस का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया लेकिन किसी को चोट नहीं आई। हाईवे पर भीड़ जुट गई। वहीं बरेली डिपो की बस सवारी लेकर दिल्ली जा रही थी कि हाईवे पर भीड़ होने के कारण चालक ने बस को साइड से निकालने की कोशिश की तो उसकी बस भी हादसाग्रस्त वाहन से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी पर रोडवेज के कर्मचारी पहुंच गए। यात्रियों को दूसरी बस से दिल्ली रवाना किया गया। इस बीच सपा रैली से वापस लौटते समय प्राइवेट बस में सवार लोग मुरादाबाद जा रहे थे। कोहरे के चलते बस ने क्षतिग्रस्त रोडवेज बस में टक्कर मार दी। जिससे बस एक गड्ढे में पलट गई। इस तरह छह वाहन कोहरे से आपस में टकराए। घायल लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।