सैफनी। थाना क्षेत्र के ग्राम खरसोल निवासी उजैर अली (18) पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित के पिता ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि 21 जनवरी की रात करीब 11 बजे गांव के ही कमल, बस्सी खान और इरशाद खान ने फोन कर उजैर अली को शाहबाद-बिलारी मार्ग स्थित धनौरा भट्टे के पास बुलाया।
आरोप है कि तीनों ने उसे शराब पिलाई और इसके बाद लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। इतना ही नहीं, तमंचे की बट से उसके मुंह पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मारपीट के बाद घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने के इरादे से उसे सड़क किनारे छोड़कर आरोपी फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन उससे पहले पुलिस उजैर अली को इलाज के लिए शाहबाद सीएचसी भिजवा चुकी थी। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी अजय मिश्रा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। संवाद