स्वार। कोतवाली क्षेत्र के मानपुर उत्तरी गांव में बच्चों के विवाद को लेकर कुछ लोगों ने घर में अकेली युवती पर हमला कर दिया। आरोप है कि लाठी-डंडों और लात-घूंसों से की गई मारपीट में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई और उसका हाथ टूट गया। युवती की सात अप्रैल को शादी होना तय है।
गांव निवासी लईक अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह शुक्रवार को रिश्तेदारी में शादी के कार्ड बांटने गया था, जबकि उसकी बेटी घर पर अकेली थी। दोपहर करीब 12 बजे बच्चों के बीच खेल के दौरान विवाद हुआ, जिसके बाद बच्चे अपने-अपने घर चले गए।
आरोप है कि कुछ देर बाद कुछ लोग घर में घुस आए और युवती के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने लाठी-डंडों से पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने किसी तरह उसे बचाया।
कोतवाल संजीव कुमार ने बताया कि घटना की तहरीर मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद समुचित कार्रवाई की जाएगी।