स्वार। पीपली वन में बृहस्पतिवार को वन दरोगा और फॉरेस्ट गार्ड पर हुए हमले के मामले में मिलक खानम पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फॉरेस्ट गार्ड की तहरीर पर बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र के चंदेला गांव निवासी दो तस्करों को नामजद किया गया है। पुलिस ने एक आरोपी हरेंद्र को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
फॉरेस्ट गार्ड शिवम कुमार के अनुसार, 26 मार्च को करीब सवा बारह बजे वह वन दरोगा अतुल कुमार के साथ जंगल गश्त पर थे। अंबरपुर चौराहे के पास एक मोटरसाइकिल पर दो लोग खैर की लकड़ी ले जाते दिखे। टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों लकड़ी गिराकर भागने लगे।
पीछा करने पर आर्यनगर पौधशाला के पास आरोपियों ने वन टीम की बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों वन कर्मी लोहे की बाड़ में गिरकर घायल हो गए। मौके पर हरेंद्र सिंह निवासी चंदेला को पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी आकाश फरार हो गया। वन टीम ने एक बाइक और खैर की लकड़ी के दो गोटे बरामद किए।
थाना मिलक खानम इंस्पेक्टर निशा खटाना ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों हरेंद्र और आकाश के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।