मिलक। लगन में शामिल होने के लिए मुरादाबाद जा रहे मिलक क्षेत्र के पुरेनिया गांव निवासी रामचंद्र सागर की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मुरादाबाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों घायलों का मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हादसा उस समय हुआ जब शादी का सामान लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी।
पुरेनिया गांव निवासी छत्रपाल (पूर्व प्रधान) की बेटी मंजू की शादी के लिए लग्न का सामान ट्रॉली में भरकर कुंदरकी थाना क्षेत्र के फरेदी गांव ले जाया जा रहा था। रविवार शाम करीब सात बजे कुंदरकी बाईपास मार्ग पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ट्रॉली में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली में सवार लोग उछलकर घायल हो गए और शादी का सामान सड़क पर बिखर गया।
हादसे में ट्रॉली में सवार गांव निवासी राजेश दिवाकर, भूरे उर्फ धन सिंह राजपूत और रामचंद्र सागर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने रामचंद्र सागर को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो घायलों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक रामचंद्र सागर परिवार के एकमात्र कमाने वाले थे। वह खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में एक बेटा और पांच बेटियां हैं, जिनमें तीन बेटियों और एक बेटे की शादी हो चुकी है, जबकि दो बेटियां अभी अविवाहित हैं।