बरेली स्टेशन पर बिगड़ी थी हालत, ट्रेन चलने पर बेटे ने रामपुर जीआरपी से साधा संपर्क
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर। पंजाब मेल में सफर कर रहे एक यात्री को दिल का दौरा पड़ गया। ट्रेन के रामपुर पहुंचने पर जीआरपी ने उन्हें तुरंत एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके बेटे ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया और शव को साथ ले गए।
झारखंड देवघर के रहने वाले नारायण झा अपने पत्नी बच्चों के साथ मोहाली, पंजाब में रहते हैं। वहां पर इनके बेटे भी नौकरी करते हैं। वह कुछ दिन पहले अपने मूल निवास झारखंड गए थे और रविवार को पंजाब मेल ट्रेन से वापस मोहाली जा रहे थे। इस बीच जब ट्रेन बरेली स्टेशन पर पहुंची तो दिल की बीमारी से ग्रसित नारायण के सीने में तेज दर्द उठा। साथ में यात्रा कर रहे बेटे रोशन कुमार झा को बताया। बेटा कुछ कर पाता तब तक ट्रेन चल दी थी, जिसपर बेटे ने रामपुर जीआरपी से फोन से संपर्क साधा।
ट्रेन के रामपुर में प्लेटफाॅर्म पर पहुंचने पर जीआरपी इंस्पेक्टर ईश्वर चंद्र ने परिवार से बातचीत की। तुरंत एंबुलेंस बुलवाई और जिला अस्पताल के लिए रवाना किया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने चेकअप किया तो उनकी मौत हो चुकी थी। परिवार ने सामान्य मौत का हवाला देते हुए पोस्टमार्टम नहीं कराया और वह शव को ले गए।
इंस्पेक्टर ने बताया कि नारायण के बेटे से बातचीत हुई थी। वह लंबे समय से दिल की बीमारी से ग्रसित थे। ट्रेन में हालत बिगड़ गई थी। उनको अस्पताल तुरंत भिजवा दिया था, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिवार वाले बिना पोस्टमार्टम के ही वापस ले गए।