मसवासी। चौकी क्षेत्र के गांव में तीन बच्चों की मां का अपने पति को नशीली चाय पिलाकर प्रेमी के साथ फरार हो जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाहिता घर की अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और 60 हजार रुपये की नकदी भी साथ ले गई। पीड़ित पति ने पत्नी और उसके प्रेमी से जान का खतरा बताते हुए चौकी में नामजद तहरीर दी है।
पीड़ित युवक का एक परिचित गांव का ही निवासी है, जो उसके साथ काम पर जाता था और अक्सर घर भी आता-जाता रहता था। इसी दौरान उसकी पत्नी का उसके साथ प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया। इनके बीच मोबाइल पर खूब बातें होने लगीं। आरोप है कि बीते सोमवार को विवाहिता ने अपने प्रेमी के साथ साजिश रचकर पति को नशीली दवा मिली चाय पिलाई, जिससे वह बेहोश हो गया।
इसके बाद महिला ने घर की अलमारी से सोने के कड़े, अंगूठी, गले का हार, नाक का फूल और 60 हजार रुपये समेट लिए। वह अपने तीनों बच्चों को छोड़कर प्रेमी संग फरार हो गई।
पीड़ित ने बताया कि होश आने पर जब उसने अलमारी खुली देखी और सामान गायब पाया, तो उसके होश उड़ गए। चौकी इंचार्ज अजय शुक्ल ने बताया कि इस मामले की तहरीर मिली है। घटना की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
दो माह का है एक बेटा
ग्रामीणों ने बताया कि प्रेमी संग फरार हुई विवाहिता का दो माह का बेटा भी है। वह दो बड़े बच्चों संग दो माह के बेटे को भी घर पर ही छोड़कर चली गई।