बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र के मुंड़िया खुर्द गांव में एक मजदूर की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। 35 वर्षीय वीरेंद्र सिंह सागर के शव का शुक्रवार रात उसके घर में ही चारपाई पर पड़ा पाया गया, जिसके गले में रस्सी बंधी हुई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मुंड़िया खुर्द निवासी वीरेंद्र सिंह सागर 35 मजदूरी करते थे। उनके घर में पत्नी, तीन पुत्रियां और दो पुत्र हैं। पड़ोस में ही वीरेंद्र का भाई जोगिंद्र सिंह भी अपने बच्चों के साथ अलग रहता है। जोगेंद्र के मुताबिक शुक्रवार की रात करीब नौ बजे उसके भाई वीरेंद्र का अपनी पत्नी व बच्चों से शराब पीने के बाद किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
आरोप है कि पत्नी व बच्चों ने उसको लाठी डंडों से जमकर मारापीटा था। शोर सुनकर वह भी मौके पर पहुंच गया। मोहल्ले के तमाम लोगों की भीड़ भी घर के बाहर एकत्र हो गई। इसके बाद सभी ने समझाकर विवाद शांत करा दिया। आरोप है कि शनिवार की सुबह करीब छह बजे घर के अंदर खपरैल में चारपाई पर सो रहे वीरेंद्र मृत अवस्था में मिले।
परिजनों की चीख पुकार सुनकर जोगेंद्र समेत आसपास के तमाम लोग भी मौके पर पहुंच गए। वीरेंद्र के गले में रस्सी बंधी हुई थी। बताते हैं कि परिजनों ने रस्सी खोलकर शव को चारपाई से नीचे जमीन पर लिटा दिया। परिजन एक दूसरे पर मारपीट के दौरान गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाने लगे।
सूचना पाकर कोतवाली प्रभारी बलवान सिंह ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में कर जांच शुरू कर दी । जिला मुख्यालय से फॉरेंसिक टीम भी पहुंच गई और टीम ने जांच पड़ताल की। गांव में चर्चा है कि परिवार के लोगों ने ही आपस में मारपीट करके वीरेंद्र की हत्या की है।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मृतक की पत्नी व भाई एक दूसरे पर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं। जिसकी जांच चल रही है। फिलहाल तहरीर नहीं आई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर ही मृत्यु के कारणों का पता चल सकेगा और तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।