स्वार। कोतवाल क्षेत्र के मुंशीगंज गांव में शनिवार की शाम उस समय हंगामा मच गया, जब एक शादी समारोह में बराती और बिचौलिए पक्ष के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चल गए, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति पर काबू पाया गया और बाद में शादी की रस्में पूरी हो सकीं।
बताया जाता है कि ग्राम सनईंया जट निवासी ग्रामीण के बेटे की बरात मुंशीगंज गांव आई थी। इस रिश्ते में मझरा एवज गांव निवासी एक रिश्तेदार ने बिचौलिए की भूमिका निभाई थी। आरोप है कि विवाह से पहले किसी गलतफहमी के चलते बिचौलिए ने दोनों समधियों के बीच दरार डलवा दी थी, लेकिन बाद में जब दोनों परिवार मिले तो सच्चाई सामने आई और रिश्ता फिर से जुड़ गया।
बताया जाता है कि इससे बिचौलिया नाराज था और उसने धमकी दी थी कि बरात वाले दिन वह अपमानित करेगा। आरोप है कि शनिवार की शाम जब बरात पहुंची तो कहासुनी के बाद रामचरन और उसके बेटों ने बराती पक्ष पर हमला कर दिया। दोनों ओर के तीन लोग घायल हो गए। मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई।
इसी बीच दूल्हे का पिता और भाई भी पुलिस की हिरासत में चले गए, जिससे वैवाहिक रस्में रुक गईं। ग्राम प्रधान कोतवाली पहुंचे और कोतवाल प्रदीप मलिक को स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद पुलिस वर के पिता और भाई को अपने साथ लेकर विवाह स्थल पहुंची। तब जाकर वरमाला और विदाई की रस्में पूरी हो सकीं। घटना की जानकारी पर ग्रामीणों में देर रात तक चर्चा बनी रही। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ कर शांति बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए हैं।