शनिवार रात ठियोग के बसाधार में हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। उपमंडल ठियोग के बसाधार में कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। देहा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शी बाइक सवारों के अनुसार शनिवार रात करीब 9:30 बजे नॉली के समीप तेज रफ्तार कार ने उन्हें ओवरटेक किया। कुछ देर बाद जब वे बसाधार पहुंचे तो देखा कि वही कार बरोट नाले में करीब 70 फीट नीचे गिरी थी। ग्रामीणों और बाइक सवारों ने मौके पर पहुंचकर कार के नीचे दबे व्यक्ति को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान राकेश (37) पुत्र स्व. रतीराम निवासी गांव मोहड़बाग, डाकघर मुंडू, तहसील ठियोग, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव का परिजनों को सौंप दिया है। डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।