मिलक। एक सेवानिवृत्त कर्मचारी के वेतन विवाद के बीच खादी ग्रामोद्योग भवन के सचिव शत्रुघ्न शाहू, उनके भाई दशरथ शाहू और 5-6 अज्ञात लोगों पर दुकान के ताले तोड़कर 61 हजार रुपये की नकदी चुराने का आरोप लगा है। पुलिस ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
आरोपी सेवानिवृत्त कर्मचारी ओमप्रकाश दिवाकर ने पुलिस में दी तहरीर में कहा कि उनका वेतन विवाद श्रम विभाग में विचाराधीन था। उन्होंने आरोप लगाया कि खादी ग्रामोद्योग भवन के सचिव शत्रुघ्न शाहू ने चार सितंबर को उन्हें व्हाट्सएप पर सेवानिवृत्ति का संदेश भेजा, जबकि उनकी उम्र 58 वर्ष है। 10 सितंबर को उनसे दुकान पर पहुंचकर चार्ज मांगा गया। 15 सितंबर को कोर्ट का फैसला आने के बाद 16 सितंबर को चार्ज देने की बात पर सहमति बनी थी।
13 सितंबर की सुबह 10 बजे सचिव शत्रुघ्न शाहू, उसका भाई दशरथ शाहू और उनके साथ पांच-छह लोग दुकान पर पहुंचे। उस समय बाजार बंद होने के कारण दुकान सूनी थी और ओमप्रकाश अपने गांव हरदोई गए हुए थे। आरोप है कि उन लोगों ने दुकान के ताले तोड़कर चोरी की। सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची।
ओमप्रकाश ने आरोप लगाया कि उनकी दुकान से 61 हजार की नकदी चोरी हो गई। कोतवाल धनंजय सिंह ने बताया कि सचिव शत्रुघ्न शाहू, दशरथ शाहू सहित छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।