रामपुर। गोरखपुर बवाल में स्थानीय पशु तस्करों का नेटवर्क खंगालने में जुटी लखनऊ की एसटीएफ और गोरखपुर पुलिस की निगाह रामपुर के पशु तस्करों पर टिक गई है। इसके तार रामपुर से जुड़ने के बाद सक्रिय एसटीएफ की टीम ने बृहस्पतिवार की रात गंज क्षेत्र में छापा मारकर एक पशु तस्कर को पकड़ा और अपने साथ ले गई। हालांकि स्थानीय पुलिस ने इस कार्रवाई से अनभिज्ञता जताई है।
हाल ही में गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र में पशु तस्करों ने छात्र दीपक गुप्ता की हत्या कर शव उसके गांव के ही पास ही फेंक दिया था। इसके बाद गोरखपुर में बवाल हो गया था। गोरखपुर पुलिस इस मामले में अब तक पांच पशु तस्करों को गिरफ्तार कर चुकी है। अन्य की तलाश कर रही है। पशु तस्करों की तलाश के लिए एसटीएफ को भी लगाया गया है।
इसी बीच इस बवाल का कनेक्शन रामपुर से जुड़ गया है। इस मामले में बरामद की गई पिकअप रामपुर की निकली। जिसके बाद पिकअप मालिक की तलाश की जा रही है। पिकअप को कई बार खरीदा-बेचा जा चुका है। फिलहाल टांडा के एक युवक को इस पिकअप को बेचा गया है। इस बीच एसटीएफ को जानकारी मिली कि एक और पशु तस्कर का हाथ इस प्रकरण में हो सकता है।
इसी आधार पर एसटीएफ की एक टीम शहर के मोहल्ला पक्का स्थित एक मकान पर पहुंची। टीम ने पशु तस्कर को पकड़ लिया। पुलिस लखनऊ नंबर की गाड़ियों से यहां पहुंची थी। पुलिस एक पशु तस्कर को साथ ले गई। वहीं दूसरी ओर टांडा में भी एक अन्य पशु की तलाश लगातार की जा रही है। हालांकि गंज पुलिस ने इस कार्रवाई से इन्कार किया है। एसपी विद्या सागर मिश्र ने भी इस तरह की जानकारी से अनभिज्ञता जताई है।
हिरासत में लिए गए पशु तस्कर पर एक दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज
रामपुर। जिस पशु तस्कर को एसटीएफ ने हिरासत में लिया है, उसपर रामपुर के कई थानों के अलावा जिले से बाहर भी करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं। यह पशु तस्कर जेल भी जा चुका है। साथ ही वह इस वक्त जमानत पर भी चल रहा है।