शाहबाद के मित्रपुर गांव की घटना, आबादी के बीच है तालाब
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहबाद। मित्रपुर गांव के रहने वाले हीरालाल का बेटा दीपांशु (7) खेलते वक्त तालाब में गिर गया। जानकारी मिलते ही सीओ समेत पुलिसकर्मी घटना स्थल पर पहुंचे और बालक की तलाश के लिए जेसीबी मंगवाकर रेस्क्यू शुरू किया गया।
परिवार वालों के मुताबिक बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे दीपांशु गांव के अन्य बालकों के साथ तालाब के किनारे खेल रहा था। खेलते वक्त दीपांशु का पैर फिसल गया और वह तालाब में गिर गया। तालाब में गिरता हुआ देखकर गांव के अन्य बालकों ने परिवार वालों को बताया। घटना की सूचना के बाद परिवार के लोगों ने उस बालक को ढूंढने का प्रयास शुरू कर दिया। कई घंटे तक काफी प्रयास के बाद बालक नहीं मिला। तब पुलिस को सूचना दी गई। सूचना के बाद सीओ देवकीनंदन समेत कई पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए।
बालक को ढूंढने के लिए जेसीबी मंगवाकर रेस्क्यू शुरू किया गया। रात सात बजे तक प्रयास किया जा रहा था, लेकिन बालक का कोई अता-पता नहीं लग पाया। ग्रामीणों ने बताया कि तालाब गांव की आबादी के बीच में है और काफी गहरा है इस तालाब में काफी दलदल है।
सीओ देवकीनंदन ने बताया कि खेलते वक्त हादसा हुआ है, बालक की तलाश की जा रही है।