रामपुर। जानलेवा हमले के मामले में फरार आरोपियों की कुर्की करने पहुंची पुलिस पर लोगों ने हमला बोल दिया। हमलावरों ने पुलिस के तीन वाहनों में तोड़फोड़ की, जिससे पुलिसकर्मी भाग खड़े हुए। बाद में पहुंची पुलिस और पीएसी ने हंगामा और तोड़फोड़ करने वालों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और पुलिस ने कार्रवाई पूरी की। मौके पर फोर्स तैनात कर दी गई है। पुलिस ने मामले में 11 लोगों को नामजद और इतने ही अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा कायम किया है।
सीओ सिटी आले हसन के नेतृत्व में शहर कोतवाली समेत कई थानों की फोर्स गुरुवार सुबह 11 बजे घेर मर्दान खां स्थित जानलेवा हमले के आरोपी जकील के घर पहुंची और कुर्की की कार्रवाई शुरू की। कुछ लोगों ने कुर्की का विरोध किया और पथराव शुरू कर दिया। पुलिस की तीन जिप्सी क्षतिग्रस्त कर दी। पुलिसकर्मी भाग खड़े हुए। जानकारी आला अफसरों को दी। सूचना मिलने के बाद एएसपी अशोक कुमार वर्मा पीएसी के साथ पहुंच गए। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को दौड़ा लिया। जहां भी जो दिखा उसे पीटा। अफसरों ने अपनी देखरेख में सातों आरोपियों के घर कुर्की की गई। पुलिस ने जकील के बेटे ईशान को पकड़ लिया। देर शाम तक फोर्स तैनात कर दी गई थी। पुलिस ने 11 लोगों को नामजद करते हुए इतने ही अज्ञात के खिलाफ पुलिस पर हमला करने, तोड़फोड़ करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा कायम किया गया है।