रामपुर। फर्नीचर के कारखाने में आग लग गई, जिससे दो लाख का नुकसान हो गया। आग बुझाने के लिए मौके पर दो दमकल पहुंची। तीन घंटे के मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
गंज थाना क्षेत्र के मुहल्ला तालाब निहालुद्दीन निवासी अकरम की कोतवाली क्षेत्र के बड़े भैये की बगिया में फर्नीचर का कारखाना है। अकरम रोजमर्रा की तरह गुरुवार की रात को भी काम निपटाने के बाद कारखाना बंद कर घर चला गया। करीब दो घंटे बाद कारखाने में आग लग गई। कारखाने में से जब आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इतने में आस-पास के लोग भी जाग गए। कारखाने में आग लगी देख लोग घरों से बाहर निकल आए। इसके बाद पड़ोसी ने कारखाना स्वामी को सूचना दी। सूचना के बाद अकरम फौरन कारखाने आया। आग लगी देख वह घबरा गया। पहले तो लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन जब कामयाबी नहीं मिली तो फायर बिग्रेड को सूचना दी गई।
सूचना के काफी देर बाद दो दमकल मौके पर पहुंची। दोनों दमकल करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा सकीं। कारखाना स्वामी ने बताया कि आग से करीब एक लाख का तैयार फर्नीचर और इतने ही रुपयों का लकड़ी जल गई। आग लगने के कारणों का पता नहीं लग सका है। पुलिस ने आशंका जताई है कि आग शार्ट शर्किट से लगी होगी।