मसवासी। खटीमा पानीपत रोड पर वैगन आर ने बाइक को चपेट में ले लिया। इससे बाइक सवार मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस जांच कर रही है।
उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के बाजपुर थाना क्षेत्र निवासी धनसारा गांव निवासी नाजिम मां नसीम जहां और भाई मुवक्किल के संग बाइक से घर जा रहा था। मसवासी क्षेत्र के मानपुर पट्टी के पास खटीमा-पानीपत हाईवे के पास सामने से आती वैगन आर कार ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक चला रहे नाजिम और उसकी मां नसीम जहां की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर सवार नाजिम का भाई मुवक्किल गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मां-बेटे के शवों को कब्जे में कर लिया। पोस्टमार्टम के लिए काशीपुर भेज दिया गया। इस बीच घायल बालक को अस्पताल भिजवाया गया है। मसवासी और काशीपुर पुलिस दोनों ही मौके पर पहुंच गई। पुलिस फरार कार चालक की तलाश कर रही है। घटना की सूचना नाजिम के परिजनों को दी गई है। परिजन मौके पर पहुंच गए। पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।