राजवीर की मौत के मामले में दोबारा होगी जांच
रामपुर। ससुराल में हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस की ओर से लगाई गई फाइनल रिपोर्ट को कोर्ट ने खारिज कर दिया है। कोर्ट ने पुलिस की विवेचना पर सवाल उठाते हुए एसपी को दुबारा इस मामले की विवेचना कराने के आदेश जारी किए हैं।
अजीमनगर थाना क्षेत्र के खिमौतिया खेड़ा गांव निवासी राजवीर का विवाह सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की आवास विकास कालोनी निवासी सुरेश सक्सेना की बेटी जूही से हुआ था। ससुराल आए राजवीर सिंह की बाथरूम में गिरकर मौत हो गई थी, जिसके बाद मृतक के भाई हरपाल सिंह की ओर से जूही, ससुर, अंजुम स्नेही, विशाल सक्सेना, प्रिंस सक्सेना, रीना सक्सेना के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की तफ्तीश करते हुए राजवीर की मौत की वजह स्पष्ट न करते हुए इस पूरे मामले की फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी। पुलिस द्वारा लगाई गई एफआर पर मृतक राजवीर के भाई हरपाल ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से कोर्ट में आपत्ति लगाई, जिस पर कोर्ट ने इस मामले की सुनवाई करते हुए पुलिस की फाइनल रिपोर्ट को नकार दिया। कोर्ट ने विवेचना को अपूर्ण बताते हुए एसपी को आदेश दिए हैं कि वह इस पूरे मामले की दुबारा किसी वरिष्ठ अधिकारी से तफ्तीश कराएं।