रामपुर। गायत्रीपुरम कालोनी में दूसरे दिन भी जलभराव रहा। हालांकि, पालिका कर्मियों ने जलभराव से निजात दिलाने का प्रयास किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बाद भी कोई फायदा नहीं हुआ। इसके चलते पालिका के स्वास्थ्य विभाग से निर्माण विभाग को पत्र लिखकर पुलिया का निर्माण कराने अथवा सड़क के बीच में मेनहोल बनाने के लिए कहा है।
कालोनी में दो से ड्रेनेज सिस्टम चौपट है। ऐसे में गली में जलभराव हो गया है। हालांकि, शुक्रवार को पालिका कर्मियों ने समस्या के समाधान के लिए काफी प्रयास किया, लेकिन समस्या नहीं सुलझी। शनिवार को सुबह के समय गली पानी से पूरी तरह लबालब थी। गंदगी के बीच से ही लोगों के आने जाने का सिलसिला बना रहा। स्कूली बच्चों की ड्रेस भी खराब हो गई। ऐसे में दूसरे दिन भी सुबह के समय पालिका कर्मी मौके पर पहुंच गए और समस्या का ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन रोड़ काफी चौड़ी होने और पुलिया न होने की वजह से यह पता नहीं चल पा रहा है कि आखिर बंद है कहां? काफी मशक्कत के बाद भी पालिका कर्मी वापस चले गए। ऐसे में पालिका के स्वास्थ्य विभाग की ओर से निर्माण विभाग को लिखा गया, जहां सड़क पर पुलिया अथवा मेनहोल बनाने के लिए कहा है।