टूटा नहीं तो ऊंचा होगा आजम खां का उर्दू गेट
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर। पूर्व मंत्री मोहम्मद आजम खां द्वारा बनवाया गया कम ऊंचाई वाला उर्दू गेट यदि तोड़ा नहीं गया तो उसे ऊंचा किया जा सकता है। कुछ इसी तरह के संकेत सरकारी मशीनरी को दिए गए हैं। उप मुख्यमंत्री और रामपुर के प्रभारी मंत्री डा.दिनेश शर्मा ने रविवार को मुरादाबाद में मूंडापांडे हवाई पट्टी पर भाजपाइयों और अफसरों की बैठक में इस तरह के निर्देश दिए। कम ऊंचाई के इस गेट से स्वार मार्ग पर आवागमन अवरुद्ध है जिससे आबादी में होकर बड़े वाहन निकलने से वहां हादसे बड़ रहे हैं।
पूर्व मंत्री मोहम्मद आजम खां द्वारा सपा शासन में स्वार रोड पर भारी वाहनों की इंट्री रोकने के लिए उर्दू गेट बनवाया गया था। उर्दू गेट कम ऊंचाई वाला द्वार है। इसके बनने के बाद स्वार रोड पर भारी वाहन नहीं गुजर पाते हैं। सरकार बदलने के बाद पूर्व मंत्री द्वारा बनवाया गया यह गेट भाजपाइयों के निशाने पर है। पूर्व मंत्री हाजी निसार हुसैन के बेटे मुस्तफा हुसैन और आईआईए के अध्यक्ष आकाश सक्सेना ने मुख्यमंत्री से शिकायत की थी कि उर्दू गेट नियम विरुद्ध बनाया गया है। इसके बनने से लोगों को खासी दिक्कत हो रही है। इसके अलावा उन्होंने जौहर यूनिवसिटी को जोड़ने वाली सड़क पर साढ़े तीन किलोमीटर लंबी दीवार बनाकर कई गांवों की दस हजार आबादी का रास्ता रोकने का भी मुद्दा उठाते हुए सीएम से कार्रवाई की मांग रखी थी, जिसके बाद शासन स्तर से इस मामले की जांच के आदेश जारी किए गए थे। मगर, जांच पड़ताल में भी हीलाहवाली बरती गई। लिहाजा अफसर भाजपाइयों के निशाने पर हैं। रविवार को यह मुद्दा उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा द्वारा मूढापांडे हवाई पट्टी पर बुलाई गई बैठक में भी उठा। उप मुख्यमंत्री द्वारा पहले भाजपाइयों की बैठक ली गई, जिसके बाद अफसरों की भी क्लास लगाई गई। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में कम ऊंचाई वाले उर्दू गेट का मुद्दा उठा। भाजपाइयों की शिकायत के आधार पर उप मुख्यमंत्री ने डीएम समेत अन्य अफसरों से इस बावत जानकारी ली। बैठक में उप मुख्यमंत्री की ओर से इस मामले में चल रही जांचों पर लीपापोती न करने और तत्काल विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी संकेत दिए कि यदि उर्दू गेट नहीं टूट सकता तो उसे ऊंचा तो कराया ही जा सकता है। करीब एक घंटे तक अफसरों के संग विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके साथ ही पंडित दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा को लेकर भी चर्चा हुई। इस बैठक में उप मुख्यमंत्री के अलावा महिला कल्याण राज्यमंत्री रीता बहुगुणा, अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, पूर्व मंत्री शिव बहादुर सक्सेना, जिलाध्यक्ष सुरेश चंद्र गंगवार, जिला प्रभारी भीष्म शर्मा, हंसराज पप्पू, राकेश मिश्रा, मोहन कुमार लोधी, लक्ष्मी सैनी, भारत भूषण गुप्ता, के साथ ही जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी, डीआईजी ओंकार सिंह, एसपी डा. विपिन ताड़ा मौजूद रहे।