शाहबाद। बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहे बुजुर्ग किसान की चार उचक्कों ने घेराबंदी कर उसके जेब में रखे 49900 रुपये छीन कर फरार हो गए। बुजुर्ग किसान के चीख-पुकार मचाने पर उधर से गुजर रहे पूर्व प्रधान ने बाइक से दौड़ाकर एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि तीन बदमाश भागने में सफल रहे।
नवाबपुरा गांव निवासी किसान होरी लाल शनिवार को क्षेत्र के कस्बे की एक बैंक से 49900 रुपये निकाल कर पैदल घर जा रहे थे। जैसे ही वो निरीक्षण भवन के पास पहुंचे अज्ञात बदमाशों ने किसान को बाइक से टक्कर मार दी। किसान के सड़क पर गिरने पर बाइक सवार चारों बदमाश किसान को घेरकर उसके जेब से 49900 रुपये छीनकर फरार हो गए। इस दौरान पीड़ित किसान ने शोर मचाया, इस पर किसान के गांव के पूर्व प्रधान चंद्रपाल सिंह संयोग से वहां पहुंच गए, घटना से अवगत होने पर पूर्व प्रधान ने अपनी बाइक से बदमाशों का पीछा कर एक आरोपी को दबोच लिया। उधर किसान बैंक पहुंचकर अपने पहचान के कुछ लोगों को घटना की जानकारी दी। इस पर सभी एकत्र होकर घटना स्थल पर पहुंचे। पकड़े गए बदमाश की तलाशी लेने पर उसके पास से रुपये नहीं मिले, इसका लाभ उठाकर बदमाश लोगों को गुमराह करने लगा। इस दौरान मौके पर भीड़ जमा हो गई, घटना से नाराज भीड़ पकड़े गए बदमाश को पीटने लगी। इस दौरान बदमाश को भीड़ से बचाकर कुछ लोग कोतवाली ले गए। यहां जब पुलिस ने बदमाश से सख्ती से पूछताछ की, बदमाश पुलिस को भी पहले गुमराह किया, लेकिन बाद में पुलिस की सख्ती के आगे टूट गया। उसने अपनी पत्नी को फोन कर किसान के खाते में रुपये डालने की बात कही। दूसरी और पुलिस फरार हुए तीन अन्य बदमाशों की तलाश में जुटी है। घटना के बाबत क्राइम इंस्पेक्टर जयवीर सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन चल रही है। हालांकि देर शाम तक पीड़ित किसान ने कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी थी।
------------------------------------
दस दिनों में हुई रुपये छीनने की तीसरी घटना
शाहबाद। शनिवार को बदमाशों ने नवाबपुरा गांव के किसान होरीलाल से उन्नचास हजार रुपये छीने, इस घटना में शामिल बदमाशों में से एक दबोचा गया है। ज्ञात रहे कि पिछले दस दिनों में शाहबाद के मंगोली निवासी किसान चंद्रपाल से बदमाशों ने पचास हजार रुपये छीनने थे। इसके अलावा उचक्कों ने जनपद संभल के थाना कुढ़फतेहगढ़ के गांव चड्रोआ गांव निवासी किसान वीरेंद्र सिंह से चौतीस हजार रुपये छीन लिए थे। सारी घटनाओं को बदमाशों ने एक ही तरीके से अंजाम दिया है।